आए दिन समय –समय पर मध्य प्रदेश (एमपी ) के पूर्व मुख्यमंत्री (सीएम) दिग्विजय सिंह उर्फ़ दिग्गी राजा अपने विवादित बयानों के कारण सुर्ख़ियों में बने रहते हैं | एक बार पुनः उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है |
इस बार उन्होंनें बीजेपी और बजरंग दल पर सीधा हमला बोला है | हुआ यह कि कल शनिवार को मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक कार्यक्रम था जिसमें दिग्विजय सिंह गए थे | इसी कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ‘आज के समय में पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी मुस्लिम की अपेक्षा गैर –मुस्लिम लोग करते हैं | उन्होंने कहा कि ‘बजरंग दल और भाजपा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से पैसा ले रहे हैं | इस पर ध्यान देने की जरूरत है | हम सब को भी इसे समझना चाहिए |
उन्होंनें यह भी कहा कि हमारी और भाजपा (आरएसएस) के बीच विचारधारा की लड़ाई है | उन्होंने कहा कि जो लोग आज हमें राष्ट्रीयता की बात सिखा रहे हैं असल में उन लोगों ने कभी भी आजाद भारत के संघर्ष में हिस्सा ही नहीं लिया |
दिग्विजय सिंह ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की भी जमकर आलोचना की | उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण ही देश की अर्थ व्यवस्था चौपट हो रही है |भारत की विकास दर 5% हो गई है | लोगों की नौकरियां जा रही हैं, फैक्ट्रियाँ बंद हो रही हैं, नए रोजगार पैदा नहीं हो रहे हैं लेकिन मोदी सरकार इन सभी समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं दे रही है |